- पीएम मोदी ने कहा, हमारे जीवन में ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं भगवान सूर्य नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के दो साल पूरे होने पर इसे सराहा। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य हमारे जीवन में ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं और यह योजना भी उन्हीं से रोशन है। पीएम मोदी ने एक्स पर साझा किया कि यह देशवासियों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके साथ उन्होंने संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसका अर्थ है कि निरंतर क्रियाशील व्यक्ति ही सफलता प्राप्त करता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: निशुल्क बिजली योजना की शुरुआत 14 फरवरी 2024 को की गई थी। इसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 तक एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना है, जिसके लिए 75,021 करोड़ का परिव्यय निर्धारित किया गया है। यह पहल दुनिया की सबसे बड़ी घरेलू रूफटॉप सोलर योजना मानी जा रही है। जनवरी 2026 तक योजना के तहत 29 लाख से अधिक परिवारों को लाभ पहुंच चुका है। पोर्टल के अनुसार अब तक 60,87,665 आवेदन प्राप्त हुए और 23,60,365 आरटीएस सिस्टम लगाए गए हैं। इसके जरिए 29,37,640 परिवारों को बिजली मिल रही है। सरकार ने अब तक 16,920.15 करोड़ की सब्सिडी जारी की है। यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का प्रसार कर रही है। इससे घरों में स्वच्छ, निःशुल्क बिजली उपलब्ध हो रही है और भारत के ऊर्जा परिदृश्य को नया आकार दिया जा रहा है। पीएम सूर्य घर योजना न केवल ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सतीश मोरे/13फरवरी ---