नई दिल्ली (ईएमएस)। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि जनवरी 2026 में घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री 4,49,616 इकाई रही, जो पिछले साल इसी महीने के 3,99,386 इकाई की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। सियाम के अनुसार जनवरी में दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे तेज वृद्धि देखी गई। जनवरी 2026 में 19,25,603 इकाई विक्रय हुई, जबकि जनवरी 2025 में यह संख्या 15,26,218 थी, यानी 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी। तिपहिया वाहनों की बिक्री भी बढ़ी और सालाना आधार पर 30 प्रतिशत बढ़कर 75,725 इकाई हो गई। पिछले वर्ष इसी महीने में यह 58,167 इकाई थी। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि वाहन बाजार में मांग में तेजी बनी हुई है। दोपहिया और तिपहिया वाहनों की मजबूत बिक्री ने वृद्धि दर को बढ़ावा दिया है, जबकि घरेलू यात्री वाहन भी सकारात्मक रुझान दिखा रहे हैं। उद्योग विशेषज्ञ इसे भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र के स्थिर और पुनरुत्थानशील प्रदर्शन के संकेत के रूप में देख रहे हैं। सतीश मोरे/13फरवरी ---