व्यापार
13-Feb-2026


- ताइवान अपने 99 प्रतिशत शुल्क अवरोधों को कम करने पर सहमत वॉशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ताइवान के साथ एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौता किया है। इस समझौते के तहत ताइवान ने अपने 99 प्रतिशत शुल्क अवरोधों को हटाने या कम करने पर सहमति दी है। इसका लक्ष्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत और सरल बनाना है। यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका कंप्यूटर चिप्स के उत्पादन में ताइवान पर काफी हद तक निर्भर है। 2025 के पहले 11 महीनों में चिप्स के निर्यात के कारण अमेरिका और ताइवान के बीच लगभग 127 अरब डॉलर का व्यापार घाटा दर्ज किया गया। व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने बताया कि ताइवान से अमेरिका आने वाले निर्यात पर अब 15 प्रतिशत शुल्क या अमेरिकी सरकार की सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र दर लागू होगी। यह दर जापान और दक्षिण कोरिया जैसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र के अन्य अमेरिकी व्यापार साझेदारों के समान है। समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान अमेरिका की ओर से व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर उपस्थित थे। ताइवान की ओर से उप प्रधानमंत्री ली-चिउन चेंग और विदेश व्यापार ब्यूरो की महानिदेशक जेन-नी यांग शामिल हुए। यह समारोह ताइवान में अमेरिकी संस्थान और अमेरिका में ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक प्रतिनिधि कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित हुआ। यह समझौता राष्ट्रपति ट्रंप की अप्रैल में प्रस्तावित चीन यात्रा से पहले हुआ। इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका और ताइवान के आर्थिक संबंध और मजबूत और गहरे होने की संभावना है। सतीश मोरे/13फरवरी ---