रायगढ़(ईएमएस)। जिले के कमरगा गांव निवासी 15 वर्षीय राजीव सिदार को मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सफल इलाज से नई जिंदगी मिली है। पिछले 10 दिनों से उसका इलाज मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में चल रहा था और हालत स्थिर होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी की दोपहर करीब 1 बजे कमरगा गांव के 6–7 युवक कबड्डी खेलने रूडूकेला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुछ युवक भाग निकले, लेकिन राजीव समेत कुछ साथी झुंड के बीच फंस गए। उसी समय लैलूंगा के प्रधान आरक्षक शिव पैकरा वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने साहस दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राजीव को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। आईसीयू में डॉ. जितेंद्र कुमार नायक, डॉ. आरती भगत सहित डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने लगातार निगरानी और उपचार किया। मधुमक्खियों के कई डंक के कारण राजीव अचेत था और उसका ब्लड प्रेशर बेहद कम हो गया था। लगातार इलाज और देखभाल से उसकी हालत धीरे-धीरे सुधरती गई और डॉक्टर उसे गंभीर स्थिति से बाहर निकालने में सफल रहे। अब पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। परिवार और ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार जताया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026