जांजगीर(ईएमएस)। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अकलतरा और अमरताल के बीच इंदिरा उद्यान के सामने बना डिवाइडर अब दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है। यहां आए दिन वाहन डिवाइडर से टकरा रहे हैं, जिससे छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। यह मार्ग एनएच-49 का हिस्सा है, जो दो जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, लेकिन यहां सुरक्षा इंतजाम बेहद कमजोर बताए जा रहे हैं। खासकर रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से कई वाहन सीधे डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं। बताया जा रहा है कि पहले यहां चेतावनी संकेतक लगाए गए थे, लेकिन कुछ समय बाद वे गायब हो गए। वर्ष 2016 में बनी इस सड़क का बिलासपुर से अकलतरा तक हिस्सा फोरलेन है, लेकिन इंदिरा उद्यान के पास पहुंचते ही सड़क टू-लेन हो जाती है। अचानक चौड़ाई कम होने से वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं और डिवाइडर स्पष्ट नजर नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर्याप्त लाइट,रिफ्लेक्टर और स्पष्ट संकेतक नहीं होने से खतरा और बढ़ गया है। कई बार सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता अभियान चलाए गए, लेकिन इस स्थान की सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026