व्यापार
13-Feb-2026


- हर 33 दिन में एक नया हवाई अड्डा या टर्मिनल हो रहा है तैयार नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि भारत अगले पांच वर्षों में 50 नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य रखता है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए आधार का काम करते हैं और इससे क्षेत्र में बड़े निवेश अवसर उत्पन्न होंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि विमानन सुरक्षा को प्रभावित किए बिना हवाई अड्डों के आसपास की इमारतों की ऊंचाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान निकाला जा रहा है। वर्तमान में देश में 165 हवाई अड्डे चालू हैं और औसतन हर 33 दिन में एक नया हवाई अड्डा या टर्मिनल तैयार हो रहा है। नायडू ने कहा कि 2030 तक रियल एस्टेट क्षेत्र का आकार लगभग 1000 अरब डॉलर तक पहुँच सकता है, जबकि 2047 तक यह 5000–7000 अरब डॉलर तक बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं के लिए किराये पर आवासीय परियोजनाओं के विकास और जीवन गुणवत्ता पर ध्यान देने पर जोर दिया। यह जानकारी हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय शहरी एवं रियल एस्टेट विकास सम्मेलन 2026 में दी, जिसका आयोजन नारेडको ने किया। सतीश मोरे/13फरवरी ---