-केंद्रीय मंत्री गोयल और चौहान ने राहुल के आरोपों को नकारा, बताया झूठा नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर देश में सियासत गरमाई हुई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस समझौते पर सवाल उठाए जाने के बाद केंद्र सरकार के दो वरिष्ठ मंत्रियों वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोर्चा संभाल दिया है। दोनों मंत्रियों ने राहुल गांधी पर झूठ फैलाने और किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि इस समझौते के तहत किसानों के हितों की ‘‘पूरी तरह से रक्षा’’ की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर साझा किए वीडियो संदेशों में राहुल गांधी को ऐसा ‘‘आदतन झूठा’’ व्यक्ति बताया है जो नहीं चाहते कि किसान सशक्त हों। मंत्रियों ने ये टिप्पणियां राहुल गांधी द्वारा एक्स पर साझा किए गए उस वीडियो संदेश के बाद कीं जिसमें उन्होंने पीएम मोदी पर ‘‘किसान-विरोधी’’ होने और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के जरिये देश को ‘‘बेचने’’ का आरोप लगाया है। पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जारी वीडियो में उन्होंने झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वह अपने फर्जी विमर्श के जरिये हमारे किसानों को गुमराह कर रहे हैं और हमारे अन्नदाता को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। गोयल ने कहा कि गेहूं, चावल, मोटा अनाज, सोयाबीन, मक्का, आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) खाद्य उत्पाद, मसाले और आलू सहित प्रमुख फसलों को ‘‘पूरी तरह संरक्षित’’ किया गया है। उन्होंने कहा कि हमने सेब समेत प्रमुख फलों का उत्पादन करने वाले किसानों के हितों को भी पूरी तरह संरक्षित किया है। भारत के दरवाजे दुग्ध उत्पादों या पोल्ट्री के लिए नहीं खोले गए हैं। गोयल ने कहा कि सच्चाई यह है कि व्यापार समझौते के परिणामस्वरूप बासमती चावल, फलों, मसालों, चाय और समुद्री उत्पादों सहित कई उत्पादों को नये बाजार मिलेंगे और इससे भारत के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय बढ़ेगी। वहीं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी राहुल गांधी के दावों को ‘‘निराधार’’ बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठे हैं। उनका देश और उसके किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें किसानों का सशक्तीकरण पसंद नहीं है। वह हमेशा राष्ट्र-विरोधी बातें करते हैं। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा किसानों के हितैषी रहे हैं और उन्होंने हर फैसला उनके हित में लिया है। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं ने किसानों की जिंदगी बदल दी है। सिराज/ईएमएस 13फरवरी26