13-Feb-2026
...


-सपा सांसद ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने की मांग पर दी प्रतिक्रिया नई दिल्ली,(ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर कहा कि अगर निशिकांत, राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने का कोई प्रस्ताव लाते हैं, तो सबसे पहले निशिकांत की ही सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए। रामगोपाल ने कहा कि उनसे ज्यादा गलत बोलने वाला कोई और हो ही नहीं सकता। यादव ने राहुल गांधी के सरेंडर और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बात सभी किसान जानते हैं कि अगर जीरो टैरिफ पर खाद्यान्न विदेश से आएगा तो देश के किसानों की उपज कौन खरीदेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल अनाज ही नहीं, पशु आहार भी बाहर से आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रामगोपाल यादव ने कहा कि सारी दुनिया जानती है कि अमेरिका में जानवरों को जो भोजन दिया जाता है, वह नॉनवेज होता है। अगर गायें नॉनवेज खाएंगी तो उनका दूध भी नॉनवेज होगा। ऐसे दूध को न मंदिर में चढ़ाया जा सकता है और न ही हवन में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को विधर्मी बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धर्म के ठेकेदार बनकर अधार्मिक काम कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे का जोरदार विरोध करेगी और आने वाले समय में किसान भी इसका विरोध करेंगे। वहीं, अखिलेश यादव के फॉर्म-7 मुद्दे पर भी रामगोपाल ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग पहले से बता देते हैं कि किस बूथ पर किसका नाम मतदाता सूची से काटा जाएगा। बता दें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लगातार बीजेपी पर वोटरों का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 भरे जाने का आरोप लगाया है। सिराज/ईएमएस 13फरवरी26