कोलंबो (ईएमएस)। जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप 2026 मुकाबले में दो बार की विजेता रही ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर इस विश्वकप का पहला उलटफेर किया है। इस मैच में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 170 रनों का लक्ष्य दिया था जिसका पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 146 रनों पर ही सिमट गयी। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाये। ब्लेसिंग मुज़रबानी ने 4 विकेट जबकि ब्रैड इवांस ने 3 विकेट लिए। लक्षय का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने 29 रन पर चार विकेट खो दिये। इसके बाद मैट रेनशॉ 65 और ग्लेन मैक्सवेल 31 ने पांचवें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी कर टीम को वापसी कराने का प्रयास किया पर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने नहीं दिया। वहीं इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉज जीतकर जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। उसका ये फैसला ठीक नहीं रहा। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की नाबाद 64 रन की पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने दो विकेट पर 169 रन बनाये। बेनेट ने 56 गेंदों पर सात चौके लगाकर अपनी टीम के रन रेट को बनाये रखा। जिम्बाब्वे ने 15 ओवर में ही एक के नुकसान पर 125 रन बना लिए थे पर इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बचे हुए पांच ओवरों में केवल 44 रन ही दिए। जिम्बाब्वे की ओर से विकेटकीपर तादिवानाशे मारुमानी ने 35 और रयान बर्ल ने 35 रन जबकि ऑस्ट्रेलियास की ओर से मार्कस स्टोइनिस और कैमरन ग्रीन ने एक-एक विकेट लिया। ऑस्ट्रेलिया इस विश्व कप में अपने कई बड़े खिलाड़ियों के बिना खेल रही है, जिसका उन्हें आज नुकसान भी उठाना पड़ा। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान मिचेल मार्श इस मैच में चोट की वजह से नहीं खेल पाये। ऐसे में ट्रेविस हेड टीम की कप्तानी करते हुए दबाव में आ गये और बड़ी पारी नहीं खेल पाये। ईएमएस 13 फरवरी 2026