राष्ट्रीय
13-Feb-2026
...


ग्लोबल बिजनेस समिट में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का बयान नई दिल्ली (ईएमएस)। ग्लोबल बिजनेस समिट में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर सवार होकर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने जोर दिया कि केंद्र सरकार का ध्येय “विकास भी, विरासत भी” है और नीतियों से लेकर प्रक्रियाओं तक आम लोगों व कारोबारियों पर अनुपालन का बोझ कम करना प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि भारत ने अपनी शर्तों पर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) किए हैं। खास तौर पर स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिकटेंस्टीन के साथ समझौते का उल्लेख कर उन्होंने कहा कि इन देशों ने भारत में 100 अरब डॉलर के एफडीआई का कानूनी वचन दिया है। तय समय में निवेश न होने पर भारत छूट वापस ले सकता है, ऐसा प्रावधान पहले दुनिया के किसी समझौते में कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि सभी एफटीए तीन सिद्धांतों—विश्वास, पारदर्शिता और समयबद्ध निश्चितता—पर आधारित हैं और इन समझौतों से भारत के लिए दुनिया के 70 प्रतिशत बाजार तक पहुंच खुली है। केंद्रीय मंत्री गोयल के अनुसार भारत वर्तमान में करीब 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था है, जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की क्षमता रखता है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि भारत ने हर डील अपनी शर्तों पर की है। उन्होंने तर्क दिया कि विकसित देशों की उच्च पर कैपिटा आय के कारण वे भारतीय बाजार में सस्ते उत्पादों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते, इसलिए भारत केवल जरूरत की वस्तुएं ही आयात करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने किसी भी एफटीए में डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को नहीं खोला। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ या अमेरिका—किसी के लिए भी डेयरी सेक्टर नहीं खोला गया, ताकि छोटे किसानों के हित सुरक्षित रहें। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि एफटीए के बाद यूरोप और अमेरिका के बाजार भारतीय टेक्सटाइल उत्पादों के लिए अधिक सुलभ हुए हैं। इससे 70–80 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। उन्होंने बजट में डेटा सेंटर प्रोत्साहनों को निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और नौकरियों के लिए “बूस्टर” बताया। साथ ही कहा कि एआई इंसानों की जगह नहीं लेगा, बल्कि नए अवसर पैदा करेगा। आशीष दुबे / 13 फरवरी 2026