क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) दतिया जिले के लांच थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अवैध रेत के ट्रैक्टर को लेकर हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। हथियारबंद लोगों ने गोली चला दी, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान अशोक शर्मा, निवासी टोड़ा-रमगढ़ा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब 9:30 बजे निकेश शर्मा का ट्रैक्टर चालक दीपू सोलंकी गांव की ओर ला रहा था। भैंसासुर बाबा मंदिर के पास कार सवार कुछ लोगों ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वे रेत कंपनी से जुड़े थे और हथियार लेकर आए थे। डर के कारण चालक ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर भागा। आरोप है कि हमलावर स्कॉर्पियो और बोलेरो से पीछा करते हुए गांव तक पहुंच गए। गांव में पहुंचकर चालक ने शोर मचाया तो परिवार के लोग बाहर आ गए। गांव में आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक व्यक्ति ने पिस्टल और दूसरे ने बंदूक निकाल ली। आरोप है कि बाबूजी उर्फ उत्तम नामक आरोपी ने गोली चला दी, जो अशोक शर्मा की छाती में लगी। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी उत्तम उर्फ बाबूजी को पकड़ लिया और उसके हाथ से राइफल छीन ली, जबकि बाकी आरोपी भाग गए। घायल अशोक शर्मा को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना में दूसरे पक्ष का उत्तम उर्फ बाबूजी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज ग्वालियर में चल रहा है। निकेश शर्मा की शिकायत पर लांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में बाबूजी उर्फ उत्तम, बृजराज सिकरवार उर्फ फौजी, सतेंद्र रावत, आशु रावत, दीपू यादव और सचिन को नामजद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक राइफल जब्त की है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।