पटना(ईएमएस)। पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में अपने कोचिंग सेंटर के पास एक पांच मंजिला इमारत की छत से गिरने के बाद 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके जमीन पर गिरने से कुछ पल पहले के सीसीटीवी फुटेज में लड़की ऊपर की ओर भागती हुई दिख रही है, उसके पीछे दो युवक भी हैं। उसके परिवार ने चोट के निशान और मौके पर खून की कमी का हवाला देते हुए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और घटना की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब छात्रा सुबह-सुबह अपनी कोचिंग क्लास के लिए घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसका शव कोचिंग सेंटर के पास सड़क पर मिला। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि ऊपरी मंजिल से धक्का देने से पहले उसकी हत्या की गई थी, इसके बाद लड़के सीढ़ियों से उतरते हुए, थोड़ी देर रुककर उसकी बॉडी को देखते हुए और भागते हुए दिखते हैं। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, पुलिस ने फुटेज ज़ब्त कर ली है, पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है, और आस-पास के लोगों, लड़की के दोस्तों और कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर से पूछताछ कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि मौत की सही वजह और गिरने से पहले चोटें आई थीं या नहीं, यह पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के शरीर पर चोट के दो गहरे निशान थे। शुरुआती जांच से पता चलता है कि मौके पर खून के धब्बे न होने की वजह उसका बैकपैक हो सकता है जिसने गिरने पर उसे सहारा दिया हो। उधर परिवार चोट के निशान और संदिग्ध हालात की ओर इशारा करते हुए हत्या की जांच की मांग कर रहा है। संतोष झा- १३ फरवरी/२०२६/ईएमएस