14-Feb-2026
...


-अब गूगल बनेगा दोस्त आसान भाषा भी समझेगा, नया एआई चैट फीचर जुड़ेगा नई दिल्ली,(ईएमएस)। गूगल मेप्स और ज्यादा स्मार्ट होने वाला है। गूगल इसमें एक नया एआई चैट फीचर जोड़ने की तैयारी कर रहा है यानी अब आपको सिर्फ रेस्टोरेंट नियर मी जैसा छोटा शब्द लिखने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि आप सीधे पूछ सकेंगे कि पास में परिवार के साथ बैठने के लिए अच्छा और शांत रेस्टोरेंट कहां है? और मेप्स आपको समझकर जवाब देगा। यह फीचर खास उन लोगों के लिए मददगार होगा जिन्हें सर्च करते समय सही शब्द समझ नहीं आते या जो लंबा-चौड़ा समझाकर ढूंढना चाहते हैं। आसान भाषा में कहें तो गूगल मेप्स अब एक दोस्त की तरह काम करेगा, जिससे आप बात करके रास्ता और जगह पूछ सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह फीचर गूगल के जेमिनी एआई पर आधारित होगी। ऐसा फीचर अगर रोलआउट होता है, तो मेप्स सिर्फ रूट बताने वाला टूल नहीं रहेगा बल्कि एक लाइव असिस्टेंट बन सकता है जो सवालों के जवाब भी देगा। यह फीचर अभी डेवलपमेंट में है और कंपनी ने लॉन्च की तारीख नहीं बताई है, लेकिन अगर यह फीचर आम यूजर्स को मिल जाता है, तो मोबाइल पर जगह खोजना और यात्रा की योजना बनाना पहले से आसान हो जाएगा। आस्क मेप्स एक ऐसा एआई-चैट फीचर है जिसे गूगल मेप्स के अंदर जोड़ा जा रहा है ताकि आप सीधे टेक्स्ट बॉक्स में बातें लिखकर सवाल पूछ सकें और तुरंत जवाब पाएं। जब यह फीचर जारी होगा, तो मेप्स की सर्च बार के नीचे एक छोटा जेमिनी आयकन वाला बटन दिखाई देगा। उस बटन पर टैप करते ही चैट-जैसी विंडो खुल जाएगी जहां आप सवाल लिख सकते हैं। यह पहले जैसे सर्च की तरह अलग-अलग टैब में न दिखाकर, एक ही स्क्रीन पर उत्तर देता है, जिससे यूजर्स के लिए जानकारी पाना ज़्यादा सरल हो जाता है। इस फीचर के आने के आप गूगल मैप्स से पूछ सकेंगे कि डेट पर जाने के लिए अच्छी जगह बताओ, ऐसी दुकान दिखाओ जहां सस्ता सामान मिले। आज के मौसम के हिसाब से घूमने की जगह सुझाओ यानी मेप्स और ज्यादा समझदार और मददगार बन जाएगा। सिराज/ईएमएस 14 फरवरी 2026