सैन फ्रांसिस्को(ईएमएस)। अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। कैलिफोर्निया स्थित बर्कले विश्वविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र साकेत श्रीनिवासैया 9 फरवरी 2026 से लापता हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने साकेत की तलाश के लिए आम जनता से मदद की अपील की है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पिछले कुछ समय से अमेरिका में भारतीय छात्रों से जुड़ी अप्रिय घटनाओं के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया को आखिरी बार सोमवार, 9 फरवरी को बर्कले पहाड़ियों में स्थित अंजा झील के पास देखा गया था। तब से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। साकेत के अचानक गायब होने से उनके दोस्तों और परिवार में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस बल बर्कले हिल्स और उसके आसपास के जंगली इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रहा है। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। दूतावास के अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से जानकारी दी कि वे साकेत के परिवार के निरंतर संपर्क में हैं। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि छात्र का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस और संबंधित अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है और खोजबीन में हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। साकेत के रूममेट बनेत सिंह ने उन्हें खोजने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। बनेत ने लिंक्डइन पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, मेरा रूममेट साकेत श्रीनिवासैया 9 फरवरी से लापता है। उन्हें आखिरी बार अंजा झील के पास देखा गया था। यह हमारे लिए बेहद कठिन समय है। यदि किसी ने भी उन्हें इस इलाके में देखा हो या उनके बारे में कोई छोटी सी भी जानकारी हो, तो कृपया तुरंत सूचित करें। हम पुलिस के साथ मिलकर उन्हें ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बर्कले विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी साकेत की सुरक्षित वापसी के लिए सहयोग का आश्वासन दिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/14फरवरी2026