राष्ट्रीय
14-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व विदेश मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित सुषमा स्वराज की जयंती के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें याद करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुषमा स्वराज को याद करते हुए कहा कि संगठन से लेकर सरकार तक, जनकल्याण को अपने जीवन का मुख्य ध्येय बनाने वाली सुषमा जी राष्ट्रहित के विषयों पर अपनी निर्भीकता के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने कहा कि देश, संस्कृति, भाषा, विदेश नीति और विशेष रूप से नारी सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य आने वाले कई दशकों तक देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उन्हें विनम्र अभिवादन करते हुए एक कुशल प्रशासक के रूप में याद किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें ओजस्वी वाणी की धनी और संवेदनशीलता व सेवा की सजीव प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श सदैव जनसेवकों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सुषमा स्वराज को एक अद्भुत वक्ता और कुशल राजनीतिज्ञ के रूप में परिभाषित किया। उन्होंने उल्लेख किया कि विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया और संकट में फंसे भारतीयों के प्रति हमेशा आत्मीयता और तत्परता का परिचय दिया।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सुषमा स्वराज का जीवन भारतीय राजनीति में शुचिता, सामर्थ्य और संवेदना की एक ऐसी त्रिवेणी थी, जिसने सत्ता को सेवा के उच्चतम प्रतिमानों पर स्थापित किया। उनकी विद्वत्ता और शालीनता की अमिट छाप भारतीय राजनीति के क्षितिज पर हमेशा बनी रहेगी। सुषमा स्वराज न केवल एक ओजस्वी वक्ता थीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से भरी एक ऐसी नेत्री थीं, जिन्होंने कूटनीति को आम जनमानस की मदद का जरिया बनाया। वीरेंद्र/ईएमएस/14फरवरी2026