जांजगीर(ईएमएस)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सक्ती के तत्वावधान में नवापाराकला गांव में ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण तथा नल-जल योजना के सतत संचालन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के उद्बोधन से हुई। इस दौरान अधिकारियों ने जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, जल की शुद्धता, स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव तथा समय पर जल कर भुगतान की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। एफटीके किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगोली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए “जल ही जीवन है” का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही गांव में प्रभात फेरी और जल बंधन कार्यक्रम आयोजित कर समुदाय में जल संरक्षण को लेकर एकजुटता और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।