जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न राजगढ़(ईएमएस) अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), संबंधित थाना प्रभारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे। बैठक में थानावार लंबित प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए गए कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के व्यक्तियों से संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। जिला लोक अभियोजक को निर्देशित किया गया कि वे अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में नियमित अर्द्धवार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें तथा न्यायालय में शीघ्र चालान प्रस्तुत कर प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा बैठक में स्पष्ट किया गया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अधिकारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के अत्याचार या भेदभाव को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें। -निखिल/राजगढ़/14/2/2026