- आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(एसआईआर) प्रक्रिया तथा फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर आम आदमी पार्टी की बिलासपुर जिला इकाई ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने इस प्रक्रिया में अनियमितताओं और संदिग्ध कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जहां नाम जोडऩे की प्रक्रिया में सख्ती बरती जा रही है, वहीं नाम काटने के मामलों में पहचान और सत्यापन को नजरअंदाज किया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि कुछ क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जाति-समुदाय विशेष को निशाना बनाने का आरोप आम आदमी पार्टी के जिला संगठन मंत्री प्रमोद पटेल ने कहा कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में स्ञ्ज, स्ष्ट एवं अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मतदाताओं के नामों पर असामान्य रूप से अधिक आपत्तियां दर्ज हुई हैं। पार्टी का दावा है कि यह सामान्य प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि गंभीर जांच का विषय है। पार्टी ने चुनाव आयोग से उच्चस्तरीय, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच की मांग की है। साथ ही फर्जी आपत्तिकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई है। जिला महासचिव चंद्र साहू ने बताया कि इसी मुद्दे पर 14 फरवरी को रायपुर में पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। यदि आयोग द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलनात्मक कदम उठाने की रणनीति भी बना सकती है। मनोज राज 14 फरवरी 2026