क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- मजदूर-किसानों के हक में गूंजी आवाज बिलासपुर (ईएमएस)। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं क्षेत्रीय फेडरेशनों के आह्वान पर मजदूरों और किसानों के अधिकारों व आजीविका की रक्षा हेतु बुलाई गई राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को व्यापक समर्थन मिला। विभिन्न संगठनों की एकजुटता से हड़ताल सफल रही। सभा की अध्यक्षता एटक के जिला सचिव कॉमरेड पवन शर्मा ने की। हड़ताल में एटक के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कॉमरेड हरिद्वार सिंह की उपस्थिति रही। सभा को एटक जिला सचिव कॉमरेड पवन शर्मा, अखिल भारतीय नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड विक्रांत शर्मा, एआईएसएफ के प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड धीरज शर्मा, ट्रेड यूनियन काउंसिल के राजेश शर्मा, रवि बनर्जी, नंद कुमार कश्यप, सुखाऊ निषाद और लालंद सिंह ने संबोधित किया। वक्ताओं ने मजदूरों के संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए केंद्र सरकार की मजदूर, किसान, नौजवान और छात्र विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने निजीकरण, महंगाई, बेरोजगारी तथा पेट्रोल-डीजल-गैस के बढ़ते दामों को लेकर सरकार को घेरा और देश को संविधान के अनुसार चलाने की मांग की। सभा के बाद भाकपा और ट्रेड यूनियन काउंसिल द्वारा राष्ट्रपति व जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में चार श्रम कानून वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण पर रोक, मनरेगा में 700 रुपए मजदूरी व 365 दिन काम, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, 2 करोड़ रोजगार देने, शिक्षा-स्वास्थ्य-बिजली-पानी की नि:शुल्क व्यवस्था, 55 वर्ष के बाद 10 हजार रुपए पेंशन तथा ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं। मनोज राज 14 फरवरी 2026