धमतरी(ईएमएस)। बहुप्रतीक्षित फुटहामुड़ा नहर परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जल संसाधन विभाग इस परियोजना पर करीब 79 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। यह नहर गंगरेल बांध के सैंडल डैम फुटहामुड़ा से शुरू होकर लगभग 19.74 किमी लंबाई में बनाई जा रही है। मुख्य नहर से प्रभावित 10 गांवों की 14.33 हेक्टेयर भूमि का भू-अर्जन पूरा हो चुका है, जबकि वन भूमि से जुड़े 24.42 हेक्टेयर प्रकरण की अंतिम स्वीकृति भी मिल गई है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है परियोजना पूरी होने पर 22 गांवों की करीब 1940 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे रबी फसलों का रकबा बढ़ेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पाहंदा, भोथा, बोरसी, लडेर, साल्हेभाट, कुही, बागोडा, सलोनी, दरगहन, भंवरमरा, लीलर, अरौद, सियादेही, पथर्रीडीह, सोरिदखुर्द और सिरसौदकला सहित कई गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा आसपास के गांवों के छोटे सिंचाई टैंक भी नहर के पानी से रिचार्ज होंगे। नहर निर्माण से फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा, कृषि आधारित रोजगार के अवसर और पलायन में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि परियोजना समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो, ताकि किसानों को दीर्घकालीन सिंचाई सुविधा मिल सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 फरवरी 2026