नई दिल्ली,(ईएमएस)। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इसके साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जा चुका है। मार्च में संसद में दो शीर्ष संवैधानिक पदों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की स्थिति बन सकती है। सूत्रों के अनुसार, बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। पहले चरण की कार्यवाही 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चली थी। 9 मार्च को लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर शुरू होगी, और उसी दौरान महाभियोग का नोटिस लाए जाने की संभावना है। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईार) प्रक्रिया को लेकर उठी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि यह प्रक्रिया सत्तारूढ़ दल को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अपनाई जा रही है। इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई हो चुकी है और संसद में भी तीखी बहस देखने को मिल रही है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की मांग को लेकर मुखर है। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर टीएमसी ने अब तक हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेकिन उसने इस पर आपत्ति भी नहीं जताई है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों के बीच इस मुद्दे पर लगातार चर्चा जारी है। विपक्ष ने ओम बिरला पर आरोप लगाया है कि वे सत्तारूढ़ पक्ष के दबाव में काम कर रहे हैं और सदन में विपक्ष को पर्याप्त अवसर नहीं दे रहे। हालिया विवाद उस समय बढ़ा जब अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख की एक अप्रकाशित पुस्तक से उद्धरण देने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही एक सप्ताह से अधिक समय तक बाधित रही। सूत्रों का कहना है कि बर्खास्तगी नोटिस के निपटारे तक अध्यक्ष सदन की कार्यवाही नहीं संभालेंगे। हालांकि, संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ दल के मजबूत बहुमत को देखते हुए इन प्रस्तावों के पारित होने की संभावना कम आंकी जा रही है। फिर भी, मार्च का सत्र संसदीय इतिहास में एक असाधारण परिस्थिति दर्ज कर सकता है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त और लोकसभा अध्यक्ष दोनों ही संवैधानिक पदों के खिलाफ विपक्ष एक साथ अविश्वास या महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के संकेत हैं। हिदायत/ईएमएस 14फरवरी26