14-Feb-2026
...


-बुझ गए पांच घरों के दीपक, दो की हालत गंभीर, गांवों में पसरा मातम सोनीपत,(ईएमएस)। सोनीपत में गोहना के गांव भावड़ और घड़वाल के बीच लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण भीषण सड़क हादसे में पांच दोस्तों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक दीपक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और सभी दोस्तों ने उसे कई बार टोका लेकिन वह नहीं माना। उसकी हठ और तेज रफ्तार के चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पांच दोस्तों की जान चली गई। हादसे के बाद चार गांवों में मातम पसरा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खिड़वाली गांव के मोहित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथियों रोहित उर्फ गोलू, सागर निवासी घुसकानी, अंकुश, दीपक, साहिल व अंकित निवासी खिड़वाली के साथ गांव भावड़ में अपने दोस्त अजय निवासी जिंदरान के बुआ के भात में आए थे। भात की रस्म पूरी करके वे स्कॉर्पियो में बैठकर अपने गांव लौट रहे थे। गाड़ी को उस समय दीपक चला रहा था। भावड़ से निकलते ही दीपक ने गाड़ी तेज रफ्तार से चलानी शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक गाड़ी को सड़क पर इधर-उधर घुमाने लगा। सभी दोस्तों ने उसे कई बार टोका लेकिन, उसने किसी की नहीं सुनी। जब गाड़ी घड़वाल गांव के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी घूम गई और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रोहित उर्फ गोलू, अंकुश, दीपक, साहिल और सागर की मौत हो गई। अंकित को गंभीर हालत में रोहतक रेफर किया। मोहित अस्पताल में भर्ती है। उसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। हादसे के बाद घुसकानी व खिड़वाली गांव में मातम पसर गया। जिंदरान व भावड़ गांव के ग्रामीणों भी हादसे से आहत हैं। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26