क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- काली पट्टी बांध जताया विरोध धमतरी(ईएमएस)। जिले और कुरुद क्षेत्र के विद्युत कर्मियों ने केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी मानी जा रही श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन संबंधी अधिसूचना के खिलाफ काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विद्युत विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए अपनी सात सूत्रीय मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि भारत सरकार की नीतियों से बिजली क्षेत्र में निजीकरण और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में बिजली कंपनियों के निजीकरण और आउटसोर्सिंग पर रोक, फ्रेंचाइजी व्यवस्था और समानांतर लाइसेंस नीति समाप्त करना, लंबे समय से कार्यरत संविदा व आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों ने सुप्रीम कोर्ट के ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ संबंधी आदेश को पूर्ण रूप से लागू करने और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी रखी। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 फरवरी 2026