14-Feb-2026
...


-केंद्रीय मंत्री गोयल ने भारत-अमेरिका के बीच समझौते को लेकर दिया आश्वासन नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर आश्वासन दिया है कि भारत और अमेरिका का नया व्यापार समझौता भारत के किसानों, डेयरी उत्पादकों या ग्रामीण रोजगारों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे किसानों के साथ फर्जी बातचीत करके झूठ फैला रहे हैं। गोयल ने कहा कि ये सब स्क्रिप्टेड है और किसानों के हितों को मोदी सरकार ने पूरी तरह सुरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि सोया मील और मक्का पर कोई छूट नहीं दी गई है, इसलिए किसानों को कोई नुकसान नहीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सेब और अखरोट पर भी उन्होंने कहा कि राहुल के वीडियो में कुछ लोग कह रहे हैं कि आयात से किसान बर्बाद हो जाएंगे, लेकिन गोयल ने कहा कि कांग्रेस के समय भी बहुत आयात होता था, फिर अब क्यों झूठ बोल रहे हो। पीएम मोदी हमेशा किसानों के साथ हैं, कई स्कीम्स लाए हैं जैसे आत्मनिर्भर भारत, किसान सुरक्षित, देश विकसित। केंद्रीय मंत्री ने ट्रेड डील समझौते पर पहले भी ये जानकारी दी है कि इस डील से दोनों ही देशों को फायदा होगा। अमेरिका ने कई भारतीय उत्पादों पर जो टैरिफ पहले 50 फीसदी तक लगाए हुए थे, उन्हें घटाकर अब सबके लिए एक समान 18 फीसदी कर दिया है। इस फैसले से भारत को कई दूसरी प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में अमेरिका में बहुत कम टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। मतलब हमारे निर्यात करने वाले सामान अब अमेरिकी बाजार में पहले से ज्यादा आसानी से और सस्ते दाम पर बिक सकेंगे। इससे भारतीय व्यापारियों और उद्योगों को बड़ा फायदा होगा क्योंकि टैरिफ कम होने से माल की कीमत कम रहेगी और ज्यादा बिक्री हो सकेगी। ये बदलाव भारत के एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने वाला है। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26