सूरत (ईएमएस)| शहर के उमरा इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कथित मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक कलह से परेशान 26 वर्षीय पूनम शाह ने अपने 4 वर्षीय मासूम बेटे के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, पूनम पिछले कुछ समय से अपनी मां और भाई के साथ मायके में रह रही थीं। घटना वाले दिन सुबह उनका भाई किसी काम से बाहर गया था। करीब 11 बजे वह मोबाइल चार्जर लेने घर लौटा तो कमरे का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। पूनम और उनका बेटा मृत अवस्था में पड़े थे। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां उषाबेन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूनम की ननद घर के सभी फैसले लेती थी और पति करण शाह सहित अन्य परिजन उसी के कहने पर पूनम को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि पति अक्सर झगड़ा करता और तलाक का दबाव बनाता था। पांच साल पहले अहमदाबाद निवासी करण शाह से प्रेम विवाह करने वाली पूनम की शादीशुदा जिंदगी जल्द ही तनाव में बदल गई थी। फिलहाल उमरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ससुराल पक्ष के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सतीश/14 फरवरी