राज्य
14-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात के शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युम्न वाजा को हृदय में मामूली ब्लॉकेज पाए जाने के बाद अहमदाबाद स्थित यूएन मेहता इंस्टिट्यूट ऑफ कार्डियोलोजी एन्ड रिसर्च सेंटर में स्टेंट लगाया गया है। उन्हें नियमित हार्ट चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां जांच के दौरान हृदय में माइनर ब्लॉकेज का पता चला। डॉक्टरों की सलाह पर तुरंत एंजियोप्लास्टी कर स्टेंट डाला गया। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है। डॉ. वाजा ने स्वयं फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी सेहत को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वह रूटीन हार्ट चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचे थे और आवश्यक जांच के लिए पहले से अपॉइंटमेंट लिया था। जांच में हल्का ब्लॉकेज सामने आने के बाद चिकित्सकों की सलाह के अनुसार स्टेंट डलवाया गया। उन्होंने कहा कि अब उनकी सेहत स्थिर है और डॉक्टरों ने पांच दिन पूर्ण आराम की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने शुभेच्छाओं और प्रार्थनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। डॉ. प्रद्युम्न वाजा मूल रूप से अहमदाबाद के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1995 में गुजरात यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस, डीजीओ और एमडी की डिग्री प्राप्त की थी। इसके अलावा वर्ष 2022 में उन्होंने एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई भी पूरी की। वे सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी पत्नी भी पेशे से डॉक्टर हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। सतीश/14 फरवरी