14-Feb-2026
...


कोलंबो (ईएमएस)। कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप ग्रुप-बी मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 96 रन से हरा दिया। आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर ने 51 गेंदों में शानदार 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलवाई। ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उसके लिए बेहद महंगा साबित हुआ। आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह न सिर्फ आयरलैंड का टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर है, बल्कि मौजूदा सीजन का भी सर्वोच्च टोटल बन गया। टीम ने श्रीलंका द्वारा इसी सीजन में ओमान के खिलाफ बनाए गए 225 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और टूर्नामेंट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज कर लिया। आयरलैंड की पारी में ताबड़तोड़ चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली। टीम ने कुल 21 चौके और 13 छक्के जड़े। कप्तान लोर्कन टकर ने शानदार नेतृत्व करते हुए 51 गेंदों पर नाबाद 94 रनों की धुआंधार पारी खेली। शतक से चूकने के बावजूद उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। उनके साथ गैरेथ डेलानी ने 30 गेंदों पर 56 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ओमान की ओर से 38 वर्षीय स्पिनर शकील अहमद ने तीन विकेट झटके और शुरुआती झटके दिए, जबकि आमिर कलीम ने भी एक सफलता हासिल की। 235 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। आमिर कलीम ने 50 और हमाद मिर्जा ने 46 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके। आयरलैंड के लिए जोश लिटिल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। मैथ्यू हंफ्रेस और बैरी मैकार्थी को दो-दो सफलताएं मिलीं। इस बड़ी जीत के बावजूद आयरलैंड अंकतालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया शीर्ष तीन स्थानों पर बने हुए हैं। टीम- आयरलैंड प्लेइंग 11: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडैर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कालिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क अडैर, बैरी मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज़ ओमान प्लेइंग 11: आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, वसीम अली, मोहम्मद नदीम, जितेन रमणंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सूफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, जय ओडेड्रा। डेविड/ईएमएस 14 फरवरी 2026