-असम दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पोस्ट से गरमाई राजनीति नई दिल्ली,(ईएमएस)। असम दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट कर उनसे हिंसा प्रभावित मणिपुर जाने की मांग की। उनके इस पोस्ट के बाद राजनीति गरमा गई। पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट में लिखा- चुनाव वाले राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता बन जाते हैं, लेकिन मणिपुर को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मणिपुर 2023 से हिंसा झेल रहा है और हालात अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पवन खेड़ा ने लिखा कि पीएम मोदी इस समय असम में हैं और मणिपुर वहां से ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में उन्हें वहां जाकर लोगों से मिलना चाहिए। उनके मुताबिक पीएम मोदी की मौजूदगी से मणिपुर के लोगों को भरोसा मिल सकता है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट के साथ गुवाहाटी से इम्फाल की फ्लाइट टिकट की तस्वीर भी साझा की। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी की सुविधा के लिए टिकट बुक कर दिया है और उन्हें सिर्फ विमान में सवार होना है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास पीएम मोदी का नंबर नहीं था, इसलिए टिकट सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। खेड़ा ने केंद्र सरकार के ‘पीएम क्रेक्स’ फंड का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी को मणिपुर जाकर यह दिखाना चाहिए कि वे सच में राज्य की चिंता करते हैं। बता दें मणिपुर में 2023 से जातीय हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार से सवाल करता रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि हालात सुधारने और शांति बहाल करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। जहां कांग्रेस समर्थक इसे मणिपुर की अनदेखी बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे राजनीतिक दिखावा कह रहे हैं। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26