राष्ट्रीय
14-Feb-2026


पटना,(ईएमएस)। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने लॉरेंस कांड को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ एक जानलेवा साजिश रची गई थी, जिसमें समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग भी शामिल थे। पप्पू यादव ने कहा कि घटना के दौरान उनके सम्मान और सुरक्षा के साथ अन्याय हुआ और पूरे माहौल का उद्देश्य उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ना था। उन्होंने बताया कि अपराधी दीपक कुमार और अन्य लोग सिविल ड्रेस में मौजूद थे और सभी की कमर में पिस्टल थी। सांसद ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें पीएमसीएच में 24 घंटे तक बिना इलाज रखा गया, न पानी दिया गया और न भोजन। उनका कहना था कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश थी। पप्पू यादव ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने पहले ही अदालत में पत्र लिख दिया है और वे लोकायुक्त के पास भी शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाएंगे और संयुक्त राष्ट्र को भी पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मामला केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। पप्पू यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके। पप्पू यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सुरक्षा, साजिश और कानून-व्यवस्था के मुद्दे फिर से चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। उनके आरोपों ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। आशीष दुबे / 14 फरवरी 2026