राष्ट्रीय
14-Feb-2026


-रेगुलर परीक्षार्थी फुल स्कूल यूनिफार्म, प्राइवेट हल्के और आरामदायक कपड़े पहनें नई दिल्ली,(ईएमएस)। जैसे जैसे सीबीएसई बोर्ड परीक्षा नजदीक आ रही है छात्रों की टेंशन बढ़ती जा रही है। हर छात्र चाहता है कि उसकी मेहनत रंग लाए और पेपर अच्छे जाएं, लेकिन कई बार छोटी-छोटी लापरवाही परेशानी बन जाती है। खासकर परीक्षा वाले दिन। इसी बात को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई ने ड्रेस कोड को लेकर गाइडलाइन जारी की है। बोर्ड का मकसद सिर्फ सख्ती करना नहीं, बल्कि परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाना है। अगर छात्र पहले से नियम समझ लें और उसी हिसाब से तैयारी करें, तो परीक्षा में भागदौड़ और तनाव नहीं होगा। दरअसल, परीक्षा केंद्र पर सभी छात्रों की जांच की जाती है। अगर कपड़ों में ज्यादा पॉकेट, मेटल या भारी एक्सेसरी हों तो चेकिंग में समय लगता है। इससे लाइन लंबी हो जाती है और छात्रों को तनाव होने लगता है। इसीलिए बोर्ड ने कहा है कि कपड़े जितने सादे और हल्के होंगे, एंट्री उतनी आसान होगी। ड्रेस कोड का मकसद सिर्फ अनुशासन बनाए रखना नहीं, बल्कि किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि को रोकना भी है। बोर्ड ने कहा है कि जो छात्र अपने स्कूल से रेगुलर परीक्षा दे रहे हैं, उन्हें अपनी पूरी स्कूल यूनिफॉर्म में ही जाना होगा। यूनिफॉर्म अधूरी नहीं होनी चाहिए। वहीं प्राइवेट कैंडिडेट्स हल्के रंग की साधारण शर्ट या टी-शर्ट पहन सकते हैं। नीचे सादी पैंट या ट्राउजर पहनें। ऐसे कपड़ों से बचें जिनमें बहुत ज्यादा जिप, बड़े बटन या मेटल लगी हो। जूते भी सिंपल पहनें। भारी या हाई-एंकल जूते पहनने की जरूरत नहीं है। साधारण चप्पल या सैंडल बेहतर विकल्प है। छात्राओं के लिए भी नियम लगभग वही हैं, लेकिन कुछ खास बातों पर ध्यान देना जरूरी है। रेगुलर छात्राएं अपनी स्कूल यूनिफॉर्म में ही परीक्षा देने जाएं। प्राइवेट छात्राएं हल्के और आरामदायक कपड़े पहने। बहुत ज्यादा कढ़ाईदार, डिजाइनर या भारी कपड़े पहनने से बचें। गहने बिल्कुल न पहनें चाहे वो छोटे झुमके हों या अंगूठी। बोर्ड ने साफ कहा है कि इयररिंग, नोज पिन, पायल, चूड़ी, ब्रेसलेट, नेकलेस कुछ भी पहनकर न आएं। फुटवियर में हाई हील्स न पहनें। फ्लैट चप्पल या सादा सैंडल पहनें। बालों में भी मेटल वाली क्लिप या भारी एक्सेसरी न लगायें। सिंपल और हल्का पहनावा आपको आराम भी देगा और जांच में समय भी नहीं लगेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे। देर से पहुंचने पर घबराहट बढ़ती है और चेकिंग में भी परेशानी हो सकती है। अपने साथ एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी जरूर रखें। बिना एडमिट कार्ड के एंट्री संभव नहीं है। मोबाइल फोन, ईयरफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या कोई भी गैजेट ना लेकर जाएं। जांच के दौरान शांत रहें और सहयोग करें। किसी भी स्टाफ से बहस न करें। प्रश्नपत्र मिलने के बाद पहले सभी निर्देश ध्यान से पढ़ें। कई बार छात्र जल्दबाजी में जरूरी निर्देश पढ़ना भूल जाते हैं और गलती कर बैठते हैं। तो छात्रों को सलाह दी गई है कि ऐसे कोई गतिविधि न करें जिससे आपको किसी भी परेशानी का सामना करना पढ़े। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26