क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- कॉलेज मालिक की ईएमआई बांउस होने पर रिकवरी के लिये पहुंचा था कर्मचारी - पीड़ित ने लगाये कई घंटे बंधक बनाकर पीटने और पुलिस पर कार्यवाही न करने के आरोप भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के सूखीसेवनिया थाना इलाके में स्थित जेएसआर ग्लोबल कॉलेज के मालिक सहित कर्मचारियों पर एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को कई घंटा तक बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट किये जाने के आरोप लगे हैं। मामले में जहॉ पुलिस इसे आपसी विवाद बताकर जॉच की बात कह रही है, वहीं पीड़ित का आरोप है की उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई वही उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। घटना शुक्रवार दोपहर की है, मामले से जुड़ा एक वीडियो शनिवार दोपहर सामने आया है। इस वीडियो में कॉलेज के कर्मचारी रिकवरी के लिए पहुंचे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को पीटते नजर आ रहे हैं। मामले में पीड़ित राजेंद्र चौहान के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 2 बजे करीब वह जेएसआर ग्लोबल कॉलेज गया था। इस कॉलेज के मालिक सुधीर ने 72 लाख रुपए का लोन लिया हुआ था। लोन की तीन ईएमआई बाउंस थीं। जब वह रिकवीर के लिये अपने मैनेजर अनिल सिंह परिहार के साथ कॉलेज पहुचां तो वहॉ करीब आधा दर्जन कर्मचारियो ने उसे बातचीत करने का कहते हुए पहले तो एक कमरे में ले जाकर बैठाया। इसके बाद उससे पूछा कि मालिक के घर कैसे गए। जब उसने बताया कि वह कई बार कॉलेज आया लेकिन मालिक सुधीर नहीं मिल रहे थे, तब उसे मजबूरी में रेसीडेंशियल एड्रेस पर जाना पड़ा। उसकी बात सुनकर सभी कर्मचारी भड़क गये और उसे अपशब्द कहते हुए बेल्ट, एक ने क्रिकेट बेट जबकि अन्य ने लात और घूसों से मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान उसके साथ मौजूद मैनेजर अनिल ने लगातार बीचबचाव करने की कोशिश की लेकिन आरोपी उस पर गाली देने का झूठा आरोप लगाकर पीटते रहे। राजेंद्र का यह भी आरोप है कि करीब 2 बजे से सवा चार बजे तक उसके साथ तीन बार मारपीट की गई, उसे कॉलेज के मालिक सुधीर से ईएमआई की 40 हजार की किस्त लेना थी, वह रकम नहीं दी। इसी के साथ उसके बैग में रखे कलेक्शन के 95 हजार रुपए भी मारपीट के दौरान किसी ने निकाल लिए हैं। जैसै-तैसे कॉलेज से निकलकर वह शाम के समय शिकायत करने थाने पहुंचा। आरोप है कि वहॉ उसकी सुनवाई नहीं हुई, उसने घटना के वीडियो भी पुलिस को दिए हैं, जिसमें आरोपी उसे मुझे पीटते नजर आ रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। वहीं उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। घटना को लेकर थाना पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद का है, फाइनेंस कंपनी कर्मचारी ने कॉलेज वालों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। जबकि कॉलेज प्रबंधन ने परिसर में घुसकर गाली देने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों के बीच समझोते की बात चल रही है। जुनेद / 14 फरवरी