मनोरंजन
15-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर की आगामी फिल्म ‘द वाइव्स’ में अभिनेत्री मौनी रॉय एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में वह ‘महक’ नाम का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है, जिसकी जानकारी मौनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा की। मौनी ने बताया कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है और निर्देशक मधुर भंडारकर के साथ काम करना उनकी बकेट लिस्ट में लंबे समय से शामिल था। उन्होंने शूटिंग के दौरान ली गई बीटीएस तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिनमें फिल्म की पूरी टीम और भंडारकर भी नजर आ रहे हैं। मौनी ने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘द वाइव्स’ उनकी जिंदगी की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक बनने वाली है। उन्होंने मधुर भंडारकर का आभार जताते हुए कहा कि फिल्म में उन्हें जो भरोसा और अवसर मिला, वह उनके लिए बेहद मायने रखता है। साथ ही उन्होंने अपने सह-कलाकारों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने शूटिंग के दौरान हर कदम पर सहयोग और सकारात्मकता बनाए रखी। उनके अनुसार, सभी कलाकार बेहद दयालु और पेशेवर रहे, जिससे शूटिंग का अनुभव और भी यादगार बन गया। निर्देशक मधुर भंडारकर की फिल्म ‘द वाइव्स’ का विषय ग्लैमर की दुनिया से जुड़ी उन कहानियों पर आधारित है, जो अक्सर पर्दे के पीछे छिपी रहती हैं। फिल्म में सेलेब्रिटी पत्नीओं के जीवन, संघर्षों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को पेश किया जाएगा। इसमें मौनी रॉय के अलावा सोनाली कुलकर्णी, रेजिना कैसंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारूवाला जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। हालांकि मेकर्स ने अभी तक बाकी कलाकारों और फिल्म की रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है। फिल्म के साथ-साथ मौनी अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट में भी व्यस्त हैं। वह क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘अब होगा हिसाब’ में प्रमुख भूमिका निभाने जा रही हैं। इस सीरीज में उनके साथ शाहीर शेख और निमृत कौर अहलूवालिया भी नजर आएंगे। हालांकि, सीरीज की रिलीज डेट का ऐलान अभी बाकी है। मौनी रॉय के इन दोनों प्रोजेक्ट्स को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। सुदामा/ईएमएस 15 फरवरी 2026