15-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। छोटे परदे की अभिनेत्री सुरभि ज्योति ने अपने फैंस के साथ एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट करते हुए सुरभि ने बताया कि वह मां बनने वाली हैं। शेयर की गई तस्वीर में सुरभि और उनके पति सुमित सूरी के पैर नजर आ रहे हैं, जबकि बीच में रखा छोटा-सा बच्चे का जूता यह संकेत दे रहा है कि उनके घर जल्द ही नन्हा मेहमान आने वाला है। अभिनेत्री ने खुशी जताते हुए लिखा कि जून में उनके परिवार में एक नए सदस्य का आगमन होगा और उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत सफर शुरू होने जा रहा है। सुरभि के इस पोस्ट के बाद इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके करीबी दोस्तों और सह-कलाकारों ने कमेंट सेक्शन में प्यार और शुभकामनाएं भेजीं। अभिनेत्री कृष्णा मुखर्जी, श्वेता तिवारी और अरिजीत तनेजा ने “बधाई हो” लिखकर अपनी खुशी जताई, जबकि नकुल मेहता ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। मौनी रॉय ने भावनाओं से भरा संदेश लिखा “दिल से बधाई।” वहीं किश्वर मर्चेंट ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसलिए सुरभि हाल ही में इंस्टाग्राम से गायब थीं। इन शुभकामनाओं ने इस खास मौके को और भी यादगार बना दिया। सुरभि ज्योति और सुमित सूरी ने 27 अक्टूबर 2024 को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट में एक भव्य समारोह में शादी की थी। दोनों ने शादी से पहले करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट किया, लेकिन अपने रिश्ते को हमेशा निजी रखा। उनकी प्राइवेट लाइफ पसंद किए जाने और सीमित सार्वजनिक उपस्थिति के बावजूद उनके प्रशंसकों ने हमेशा उनके फैसलों का सम्मान किया है। अब यह कपल अपने जीवन के नए अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। जून में उनके घर नन्हा मेहमान आएगा। सुदामा/ईएमएस 15 फरवरी 2026