15-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साल 2003 में रिलीज हुई हास्य फिल्म ‘हंगामा’ में भोली-भाली अंजलि का मासूम किरदार, जिसे रिमी सेन ने निभाया था, दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। उनकी सादगी और नैचुरल एक्टिंग ने इस भूमिका को खास बना दिया था। लेकिन लंबे समय से रिमी सेन बड़े पर्दे से दूर हैं और उनकी जिंदगी में अब काफी बदलाव आ चुका है। अभिनय से दूरी बनाने के बाद रिमी ने एक बिल्कुल नए क्षेत्र रियल एस्टेट में कदम रखा है। आज वह दुबई में बतौर रियल एस्टेट एजेंट काम कर रही हैं और इस इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं। वह न केवल दुबई बल्कि अन्य शहरों में भी अपना बिजनेस विस्तार करने की योजना बना रही हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर रियल एस्टेट इवेंट्स, प्रॉपर्टी शोकेस और बिजनेस से जुड़े वीडियो भरे पड़े हैं। पर्दे से दूर होने के बावजूद रिमी की लोकप्रियता कम नहीं हुई, सोशल मीडिया पर उन्हें 1 मिलियन से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। हालांकि, हाल ही में उनका बदला हुआ लुक भी चर्चा में है। फिलर्स और बोटॉक्स ट्रीटमेंट की वजह से रिमी की चेहरे की बनावट अब पहले जैसी नहीं रही है, जिसे देखकर कई यूजर्स हैरानी जता रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके नए लुक को लेकर सवाल पूछते नजर आए कि आखिर उन्होंने अपने चेहरे में इतनी तब्दीली क्यों कराई। फिल्मों में उनके मासूम चेहरे को याद करने वाले फैंस नई तस्वीरों में उन्हें पहचानने में भी मुश्किल उठा रहे हैं। रियल एस्टेट के साथ-साथ रिमी सेन प्राइवेट ब्रांड इवेंट्स और लॉन्च इवेंट्स का भी हिस्सा बनती हैं। उन्होंने बंगाली और हिंदी सिनेमा में काम किया, लेकिन बॉलीवुड में उनकी पहचान ‘धूम’, ‘गर्स फैला दे’ और ‘हंगामा’ जैसी फिल्मों से बनी। हालांकि उनका फिल्मी सफर बहुत लंबा नहीं रहा, लेकिन अब वह रियल एस्टेट की दुनिया में अपनी नई पहचान मजबूती से बना रही हैं। ‘हंगामा’ में नंदू और अंजलि की प्यारी केमिस्ट्री और शानदार कॉमिक टाइमिंग ने आज भी इस फिल्म को दर्शकों के दिलों में जिंदा रखा है। वहीं रिमी सेन का नया सफर इस बात का उदाहरण है कि जीवन में बदलाव कभी भी आ सकता है और नए रास्ते हमेशा नए अवसर लेकर आते हैं। बता दें कि ‘हंगामा’ दर्शकों के दिलों में आज भी उतनी ही ताजा है जितनी दो दशक पहले। फिल्म की मजेदार कहानी, गलतफहमियों का सिलसिला और कलाकारों की बेहतरीन कॉमेडी ने इसे बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया। सुदामा/ईएमएस 15 फरवरी 2026