मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में ‘वॉर 2’ फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें अभिनेता अनिल कपूर का सशक्त, राउडी और गंभीर लुक देखने को मिला। उनका यह अवतार दर्शकों में उत्सुकता और रोमांच बढ़ा रहा है। दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर 69 वर्ष की आयु में भी अपनी ऊर्जा, अभिनय और लोकप्रियता से नई पीढ़ी के सितारों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हाल ही में ‘वॉर 2’ में उनके शक्तिशाली एक्शन को दर्शकों ने खूब सराहा, और अब वह अपनी नई फिल्म ‘सूबेदार’ में एक बार फिर दमदार अंदाज में लौट रहे हैं। फिल्म 5 मार्च को अमेजन प्राइम पर रिलीज होने जा रही है। ‘सूबेदार’ एक्शन और भावनाओं से भरपूर कहानी है, जिसमें अर्जुन मौर्य नामक एक पूर्व सैनिक के जीवन संघर्षों को दिखाया गया है। टीजर में उनकी कहानी एक ऐसे शख्स के रूप में सामने आती है, जो देश की रक्षा करने के बाद अब अपनी बेटी के साथ तनावपूर्ण रिश्तों, सामाजिक कुप्रथाओं और निजी परेशानियों से लड़ रहा है। यह एक ऐसे पिता की जद्दोजहद है जिसे अपने परिवार और घर को सुरक्षित रखने के लिए कई दुश्मनों से भिड़ना पड़ता है। करीब एक मिनट लंबे टीजर में चश्मा लगाए अनिल कपूर का एक्शन अवतार और उनका तेवर युवा कलाकारों को भी पीछे छोड़ देता है। टीजर रिलीज होते ही फैंस का उत्साह और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी फिटनेस और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। 69 वर्ष की उम्र में भी दुश्मनों का सामना करते हुए उनका स्टाइल और एटीट्यूड दर्शकों को बेहद प्रभावित कर रहा है। अनिल कपूर के लिए यह फिल्म खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने पिछले साल अपने जन्मदिन पर पहली बार ‘सूबेदार’ की जानकारी साझा की थी। उनका कहना था कि फिल्म केवल जोरदार एक्शन नहीं दिखाती, बल्कि एक परिवार की भावनाओं और संघर्षों को भी बारीकी से पेश करती है। यह कहानी उनके दिल के बेहद करीब है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में की गई है। अनिल कपूर सिर्फ इसके लीड अभिनेता ही नहीं, बल्कि फिल्म के निर्माता भी हैं। कहानी सुरेश त्रिवेणी और प्रज्वल चंद्रशेखर ने लिखी है, जबकि निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। सुदामा/ईएमएस 15 फरवरी 2026