बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी और आर्थिक परेशानियों के कारण चर्चा में हैं। चेक बाउंस मामले में 9 करोड़ रुपये का कर्ज न चुकाने के आरोप में उन्होंने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। उनके जेल जाते ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों ने सार्वजनिक रूप से उनकी आर्थिक मदद की बात कही थी, जिसके लिए हाल ही में उनकी पत्नी ने सभी का आभार व्यक्त किया था। लेकिन अब राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा है कि परिवार को अब तक किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिली है। उनके अनुसार, कई लोग मीडिया के सामने समर्थन की बात तो करते हैं, लेकिन परिवार तक कोई सहायता नहीं पहुंची है। श्रीपाल यादव के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है और लोग यह जानना चाह रहे हैं कि सच क्या है। हालांकि परिवार ने यह भी कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि राजपाल जल्द इस मुश्किल दौर से बाहर आ जाएंगे। फिलहाल अभिनेता के कानूनी मामले पर अदालत के आगामी फैसले का इंतजार है। ‘दो दीवाने सहर में’ नजर आएंगें सिद्धांत चतुर्वेदी अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी अपने करियर के नए चरण में प्रवेश करने जा रहे हैं, जहां वह पहली बार एक पूर्ण रोमांटिक हीरो के रूप में दर्शकों के सामने दिखाई देंगे। संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन में बन रही फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ के साथ सिद्धांत अपने अब तक के इंटेंस, रफ और ग्रे शेड वाले किरदारों से हटकर एक सेंसिटिव, आकर्षक और भावनात्मक प्रेमी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इंडस्ट्री में इसे उनका ‘लवर बॉय एरा’ माना जा रहा है, क्योंकि यह फिल्म उन्हें एक क्लासिक रोमांटिक जोन में स्थापित करने जा रही है। भंसाली प्रोडक्शन्स के साथ काम करना किसी भी अभिनेता के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, और सिद्धांत के लिए यह फिल्म एक नई पहचान लेकर आने वाली है। भंसाली की फिल्मों की खासियत रही है भव्यता, गहरा प्रेम, संवेदनशील किरदार और काव्यात्मक प्रस्तुति। ऐसे में सिद्धांत को ‘भंसाली हीरो’ के तौर पर दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है। इस फिल्म में पहली बार उनकी जोड़ी मृणाल ठाकुर के साथ बनी है और शुरुआती झलकियों में दोनों की केमिस्ट्री को खूब सराहा जा रहा है। सिद्धांत के रोमांटिक अवतार को लेकर दर्शकों में उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। जेम्स वैन डेर बीक का कैंसर से निधन हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अमेरिकी टीवी शो ‘डॉसन क्रीक’ से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले अभिनेता जेम्स वैन डेर बीक का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 48 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से कोलोरेक्टल कैंसर से जूझ रहे थे। परिवार की ओर से इस खबर की पुष्टि के बाद इंडस्ट्री और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन ने मनोरंजन जगत में एक गहरी कमी छोड़ दी है। जेम्स वैन डेर बीक 90 के दशक के अंत और 2000 के शुरुआती दशक में टीन आइकन बने थे। ‘डॉसन क्रीक’ में डॉसन लीरी के उनके किरदार को आज भी दर्शक याद करते हैं। शो ने उन्हें रातों–रात लोकप्रियता दिलाई थी। इसके बाद वह कई टीवी शो और फिल्मों में नजर आए और अपनी अलग पहचान बनाए रखी। हाल के वर्षों में भी वह विभिन्न प्रोजेक्ट्स में सक्रिय थे, लेकिन कैंसर ने उनकी जीवन यात्रा को अधूरा ही रोक दिया। उनके निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैंस और सह-कलाकारों ने भावुक संदेश साझा किए। कई हॉलीवुड सितारों ने लिखा कि जेम्स न सिर्फ बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि बेहद विनम्र, संवेदनशील और प्रेरणादायक इंसान भी थे। डेढ़ साल बाद मां बनने जा रहीं सुरभि ज्योति टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति ने अपने फैंस के साथ एक खुशीभरी खबर साझा की है। शादी के करीब डेढ़ साल बाद वह मां बनने जा रही हैं। सुरभि, जिन्हें ‘कुबूल है’ में जोया के किरदार से पहचान मिली, ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने पहले बच्चे के आने की खबर बेहद खूबसूरत अंदाज में अनाउंस की। इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। सुरभि ज्योति ने अगस्त 2023 में अभिनेता और मॉडल सुमित सूरी से शादी की थी। दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी रचाई थी। अब लगभग 18 महीने बाद दोनों माता-पिता बनने की तैयारी कर रहे हैं। अनाउंसमेंट पोस्ट में सुरभि और सुमित बेहद खुशी और उत्साह से भरे नजर आए। तस्वीरों में सुरभि बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखाई दीं, जबकि सुमित उनके साथ खड़े मुस्कुरा रहे थे। टेलीविजन इंडस्ट्री के दोस्तों और फैंस ने सुरभि को बधाई देते हुए कहा कि वह हमेशा से एक शानदार और जिम्मेदार इंसान रही हैं और अब वह एक बेहतरीन मां साबित होंगी। सुरभि के करियर की बात करें तो वह कई टीवी शो, वेब सीरीज़ और म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी हैं। डेविड/ईएमएस 15 फरवरी 2026