-बांग्लादेश को अमेरिका में गारमेंट्स निर्यात पर 0 फीसद टैरिफ का फायदा दिया जा रहा नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। राहुल गांधी ने सरकार पर इस डील के जरिए देश में कॉटन किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से दोनों सेक्टर्स को गहरा नुकसान हो सकता है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- 18फीसदी टैरिफ बनाम 0फीसदी। कैसे पीएम मोदी और उनकी कैबिनेट इसपर भ्रम फैला रहे हैं। और किस तरह से वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से देश के कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स को धोखा दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने लिखा- बांग्लादेश को अमेरिका में गारमेंट्स निर्यात पर 0फीसदी टैरिफ का फायदा दिया जा रहा है। शर्त बस इतनी है कि वह अमेरिकी कपास आयात करें। भारत के गारमेंट्स पर 18फीसदी टैरिफ की घोषणा के बाद जब संसद में बांग्लादेश को मिल रही खास रियायत पर सवाल उठाया, तब मोदी सरकार के मंत्री का जवाब आया- अगर यही फायदा हमें भी चाहिए, तो अमेरिका से कपास मंगवानी होगी। राहुल ने कहा कि आखिर, ये बात तब तक देश से छुपाई क्यों गई? और, ये कैसी नीति है? क्या यह सचमुच में कोई विकल्प है या फिर आगे कुआं, पीछे खाई की हालत में फंसाने वाला जाल? अगर हम अमेरिकी कपास मंगवाते हैं तो हमारे अपने किसान बर्बाद हो जाएंगे। अगर नहीं मंगवाते, तो हमारा टेक्सटाइल उद्योग पिछड़कर तबाह हो जाएगा और अब बांग्लादेश यह संकेत दे रहा है कि वह भारत से कपास आयात भी कम या बंद कर सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत में टेक्सटाइल उद्योग और कपास की खेती आजीविका की रीढ़ हैं। करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी इन्हीं पर टिकी है। इन क्षेत्रों पर चोट का मतलब है लाखों परिवारों को बेरोजगारी और आर्थिक संकट में धकेल देना। एक दूरदर्शी और राष्ट्रहित में सोचने वाली सरकार ऐसा सौदा करती जो कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स- दोनों के हितों की रक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करती है, लेकिन इसके ठीक उलट, नरेंद्र सरेंडर मोदी और उनके मंत्रियों ने ऐसा समझौता किया है जो दोनों क्षेत्रों को गहरी चोट पहुंचाने वाला साबित हो सकता है। सिराज/ईएमएस15फरवरी26