-22 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा, महाशिवरात्रि पर पंचकेदार ऊखीमठ में तय हुई विधिवत तिथि देहरादून,(ईएमएस)। उत्तराखंड के पवित्र धामों की यात्रा का इंतजार अब खत्म होने वाला है। पांचवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को विधिवत रूप से खुलेंगे। यह तिथि महाशिवरात्रि के दिन पंचकेदार ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विधि-विधान और पंचांग गणना के अनुसार तय की गई। इसी दिन से चारधाम यात्रा 2026 का आधिकारिक आगाज होगा। केदारनाथ, 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और चारधाम यात्रा व पंच केदार यात्रा का अहम हिस्सा है। भगवान शिव यहाँ ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजमान हैं। पिछले वर्ष केदारनाथ के कपाट 10 मई को खुले थे और लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन भीड़ के कारण कई लोग दर्शन नहीं कर पाए थे। जब केदारनाथ धाम के कपाट बंद रहते हैं, तब भगवान भोलेनाथ की शीतकालीन डोली उखीमठ पंचकेदार मंदिर में स्थापित होती है। भक्त यहाँ जाकर पूजा कर सकते हैं और अगले साल के कपाट खुलने तक भगवान का दर्शन कर सकते हैं। इस वर्ष 22 अप्रैल से श्रद्धालु केदारनाथ के दर्शन कर चारधाम यात्रा का धार्मिक लाभ ले सकेंगे। सुबह 8 बजे से होंगे बाबा के दर्शन गढ़वाल हिमालय की ऊंचाइयों में स्थित केदारनाथ मंदिर 11,968 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और सालभर भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों में बंद रहता है। इस साल श्रद्धालु सुबह 8 बजे से बाबा के दर्शन कर सकेंगे। हिदायत/ईएमएस 15फरवरी26