राष्ट्रीय
15-Feb-2026
...


-टी20 वर्ल्डकप में भारत की जीत के लिए खिलाड़ियों की भगवान शिव के रूप में की पूजा पटना,(ईएमएस)। महाशिवरात्रि पर्व पर बिहार के शिवमंदिरों में भक्तों भी भीड़ लगी है। बक्सर के ब्रह्मपुर स्थित ब्रह्मेश्वर मंदिर में सुबह से ही 2 किमी लंबी लाइन लग गई। सुबह 8 बजे तक करीब 1.5 लाख लोग भगवान शिव पर जल चढ़ा चुके हैं। इस दौरान मंदिर में घुटनों तक पानी भर गया। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुजफ्फरपुर के गरीब नाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। वहीं बाबा धाम में अब तक 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके हैं। यहां 3 किमी लंबी लाइन लगी है। लगातार भक्तों के आने का सिलसिला जारी है। भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में भी 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु जल चढ़ा चुके हैं। समस्तीपुर में भी अब तक 25 हजार श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया। गोपालगंज के शिवालयों में भी भक्तों की भीड़ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पटना सिटी के गौरीशंकर मंदिर में भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। पटना में टी20 वर्ल्डकप में भारत की जीत के लिए खिलाड़ियों की भगवान शिव के रूप में पूजा की गई और पाकिस्तान के खिलाफ जीत की कामना की। वैशाली में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय शिव बारात के गाड़ीवान बने। मोतिहारी के विराट रामायण मंदिर परिसर स्थित मंडप में सहस्र शिवलिंग का छोटा स्वरूप और नंदी की स्थापना होगी। यह विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग का छोटा रूप होगा। इसके लिए महाबलीपुरम से छोटे आकार में दूसरा शिवलिंग और नंदी की मूर्ति मंगवाई गई है। इस शिवलिंग का निर्माण उसी पत्थर से किया गया है, जिससे 33 फीट ऊंचा शिवलिंग बना है। इसमें भी 72 लिंगों से युक्त 14 वृत्तों में 1008 शिवलिंग हैं। इसकी स्थापना ‘सहस्र शिवलिंग मण्डपम’ में की जाएगी। सिराज/ईएमएस15फरवरी26