पटना, (ईएमएस)। रविवार को सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पटना में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव सह बिहार प्रभारी शाहनवाज आलम के समक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सबीह महमूद, गया के समाजसेवी सनउल्लाह खान, विस्फी के समाजसेवी मिस्बाहुल होदा (अरमान) तथा केवटी के अवकाश प्राप्त शिक्षक अब्दुल वाकी सहित उनके सैकड़ों समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा देश को जोड़ने और समाज के हर वर्ग के सम्मान व अधिकार की लड़ाई लड़ने की है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता भाजपा-जदयू सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव चाहती है। बिहार प्रभारी शाहनवाज आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए साथियों से संगठन को मजबूत करने और जनता की आवाज बनने का आह्वान किया। पार्टी में शामिल इन नेताओं ने कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हसीब अनवर, राशिद फाकरी, मुदस्सीर शम्स, अजय राम सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संतोष झा- १५ फरवरी/२०२६/ईएमएस