नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली और एनसीआर में नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने वाला है। शुरुआत में आसमान साफ रहेगा, लेकिन बाद में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। साथ ही एनसीआर में भी मौसम का उलटफेर देखा जाएगा। मौसम विभाग ने 16 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने का अनुमान जताया है। इसके प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ मैदानी इलाकों में बारिश देखी जाएगी। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश देखी जाएगी। मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते दिल्ली एनसीआर में दिन के वक्त 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई है। 16 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में आसमान साफ रहेगा। इस दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा। लेकिन इसके बाद मौसम बदल जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली एनसीआर में दोपहर से शाम तक आसमान में हल्के बादल नजर आने लगेंगे। दिल्ली एनसीआर में 17 फरवरी से तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में 17, 18 और 19 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। इसी दिन दिल्ली के साथ ही एनसीआर के कुछ इलाकों दोपहर या शाम के वक्त बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जाएगी। इसके बाद 19 फरवरी से आसमान साफ हो जाएगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/फरवरी/2026