15-Feb-2026
...


महाशिवरात्रि पर्व: मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, हर हर महादेव की गूंज जबलपुर (ईएमएस)। शिवजी की आराधना, भक्ति के महापर्व महाशिवरात्रि पर रविवार को समूची संस्कारधानी धर्ममय नजर आई। शिवालयों, मंदिरों से लेकर घर-घर हर-हर महादेव, बम-बम भोले, ऊँ नम: शिवाय के सम्मलित स्वर सुनाई देते रहे। शिवरात्रि पर्व पर ब्रम्ह मुहूर्त से ही मंदिरों में शिवजी का अभिषेक, पूजन अर्चन के लिए भक्तों की जो भीड़ जुटना शुरू हुई, वह देर रात तक जारी रही। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, कचनारसिटी स्थित बड़े महादेव, जीसीएफ इस्टेट स्थित पाटबाबा मंदिर, शिव-पार्वती मंदिर भानतलैया, गौरीघाट स्थित साकेत धाम, जिलहरीघाट शिव मंदिर, बड़ा फुहारा शिव मंदिर, गंजीपुरा शिवमंदिर के अलावा शहर के अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गई। जहां शिवभक्तों ने भक्तिभाव के साथ भोले-भंडारी का विल्वपत्र, धतूरा तथा अन्य पूजन सामग्री के साथ अभिषेक, पूजन किया। जगमग रोशनी से नहाए मंदिर........... शिवरात्रि पर्व पर शहरभर में भक्ति भाव का नजारा दिखाई दे रहा था। नगर के शिव मंदिरों में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई जहां दिन भर शिवजी के भक्ति गीत गूंजते रहे। मंदिरों में भगवान भोलेशंकर का विशेष श्रृंगार किया गया। रूद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक, सहस्त्रार्चन के अलावा विविध धार्मिक अनुष्ठान प्रात: से लेकर रात के चारों पहर तक चलते रहे। इसी के साथ लोगों ने व्रत रखकर अपने घरों में विधि विधान के साथ शिवजी की पूजा अर्चन की। निकली भोलेनाथ की बारात.......... भरतीपुर स्थित शिव पार्वती मंदिर में सोनकर खटीक समाज द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह समारोह पूर्वक संपन्न कराया गया। वर पक्ष कन्या पक्ष के यहां पूरी हिन्दू रीति रिवाज के साथ बारात लेकर पहुंचा। बारात में बैंड दलए धमाल पार्टियां, विविध झांकियां, नर्तन दल, भगवान शिव के विभिन्न वेशधारी नागरिकगण एवं बड़ी तादात में श्रद्धालुजन शामिल थे। बारात शहर के प्रमुख स्थलों से होते हुए शिव पार्वती मंदिर भरतीपुर पहुंची जहां पर हिन्दु रीति रिवाज के साथ द्वारचार, पारिणग्रहण संस्कार, कन्यादान आदि की रस्में पूर्ण की गई। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, विधायक अशोक रोहाणी, विनायक लखन घनघोरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर आदि शामिल रहे| इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों से भी शिवजी की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात में हाथी, घोड़े, भूत-प्रेत सब शामिल थे। शिवपार्वती मंदिर प्रेम नगर पोस्ट आफिस से भी एक बारात निकाली गई. इसमें बल्लू रजक सुनील विश्वकर्मा, शेख रमजान बन्टी कहार आदि शामिल थे. बारात में भूत-प्रेत नृत्य करते चलते रहे थे तो हाथी घोड़े भी मदमस्त होकर झूम रहे थे। ‘‘डमरू वाले बाबा चले व्याह रचाने’’ ये गीत की धुनों पर बारात में शामिल श्रद्धालु भी झूम रहे थे। शिव पंचायतन मंदिर हनुमानगढ़ी में रूद्राभिषेक.......... महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नर्मदा तट गौरीघाट स्थित प्राचीन सिद्ध शिव पंचायतन मंदिर हनुमानगढ़ी में शिव भक्तों द्वारा सायंकाल में महारूद्रभिषेक किया गया। मंदिर समिति के संदीप जैन ने बताया कि विगत 22 वर्षों से यहां भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जा रहा है। इस पुण्य आयोजन में इस साल यज्ञाचार्य पं. राधेश्याम शर्मा शास्त्री के साथ 11 ब्राम्हणों द्वारा रूद्राभिषेक किया गया। कचनार शिवालय में उमड़ी भीड़.... शहर के शांत क्षेत्र विजय नगर के पास कचनार सिटी में स्थित बड़े शंकर जी के मंदिर में सुबह से ही भक्तों का मेला प्रारंभ हो गया था। यहां विशाल परिसर में स्थापित भोलेनाथ के अद्भुत विशाल मूर्ति और गुफा के अंदर स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना प्रारंभ हो गया था। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ता गया, त्यों-त्यों भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर में अहिंसा चौक से पुलिस को बेरिकेट्स लगाकर वाहनों को रोकना पड़ा। अंहिसा चौक से कचनार सिटी मंदिर तक भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। गुप्तेश्वर में लगी लंबी कतारें.... स्वयंभू सिद्धपीठ गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर्व की खासी धूम रही। यहां पर भगवान भोलेनाथ का अद्भुत श्रंगार किया गया। महादेव के दर्शन करने भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया और शाम को पंच महाआरती की गई| कन्याओं का पूजन किया गया| इस अवसर पर एडवोकेट राजेश तिवारी, ऋषभ मिश्रा, उत्कर्ष रावत, रश्मि गुप्ता, मोहित झारिया आदि उपस्थित रहे| मार्ग के दोनों ओर पूजन सामग्री, खेल-खिलौने आदि की दुकानें सजी रहीं। शिवरात्रि के मेले का विहंगम दृश्य यहां देर रात तक बना रहा। इसके अलावा पाठबाबा मंदिर में भी काफी चहल पहल रही। शिव मंदिर नार्बल स्कूल रोड... बड़े शंकर जी के मंदिर अन्नपूर्णा मार्केट गंजीपुरा और नार्बल स्कूल में भगवान शिव का पूजन अर्चन हुआ एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः काल 4 बजे महाअभिषेक हुआ और शाम 6 बजे हवन पूजन के बाद महाआरती की गई। इसके बाद देर रात तक भजनों का कार्यक्रम चलता रहा। वीरेन्द्र तिवारी और सुधीर साहू के द्वारा प्रसाद का वितरण किया गया। बड़े महावीर में सजी अमरनाथ की झांकी.... बड़े फुहारे स्थित श्री महावीर मंदिर परिसर में स्थित शिवालय में भक्तों ने बाबा अमरनाथ की झांकी सजाई थी। हवन पूजन अभिषेक के आयोजन किये गये। मंदिर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से अलंकृत किया गया था। यहां की गई रंग बिरंगी विद्युत छटाओं की सजावट के बीच भजन कीर्तन के कार्यक्रम देखने व सुनने श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर खड़े रहे।