मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर अपनी अपकमिंग फिल्म दो दीवाने शहर में की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। इस बीच उन्होंने फिल्म के निर्देशक रवि उयदवार से पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया। मृणाल ठाकुर ने बताया कि उनकी रवि उदयवार से पहली मुलाकात काफी अप्रत्याशित थी। उन्होंने कहा, “मेरी पहली मुलाकात रवि सर से उनके नए घर की लिफ्ट में हुई थी। मजेदार बात यह है कि मेरी मां ने उन्हें तुरंत पहचान लिया, जबकि मैं उन्हें पहले कभी नहीं मिली थी। मेरी मां ने ही उत्साह से कहा, ‘ओह माय गॉड, मुझे आपकी फिल्म मॉम बहुत पसंद आई थी।’ इसके बाद मृणाल ने बताया कि किस तरह उन्होंने इस फिल्म में काम करने का फैसला किया। वह कहती हैं, “मैंने रवि सर से कहा कि मैं उनके काम की बहुत बड़ी फैन हूं और उनके साथ काम करना चाहती हूं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जल्द ही बात करेंगे। कुछ दिनों बाद उनका मैसेज आया, लेकिन उसी समय मुझे दुबई जाना था, इसलिए बातचीत सीमित रह गई।” वह आगे बताती हैं, “मैंने कहानी का एक छोटा हिस्सा सुना और फिर कुछ दिनों बाद सीधे उनके ऑफिस पहुंची, जहां उन्होंने मुझे पूरी स्क्रिप्ट सुनाई। पूरी कहानी सुनते ही मैं फिल्म के लिए तैयार हो गई। मैंने तुरंत कहा चलो इसे करते हैं। अप्रैल तक फिल्म का शूट शुरू भी हो गया था।” ‘दो दीवाने सहर में’ एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें मृणाल के साथ अभिनेता सिदधार्थ चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को जी स्टूडियोज और भंसाली प्रोडक्शन मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। निर्माताओं में संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह और उमेश कुमार बंसल शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 16 फरवरी 2026