क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस) शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ग्राउंड की सीढ़ियों पर रविवार को मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान राहुल पुत्र राजकुमार प्रजापति उम्र 26 साल निवासी फिजिकल कोतवाली के पास संजय कॉलोनी वार्ड नंबर 35 के रूप में हुई है। सोमवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। गौरतलब है कि रविवार को रेलवे ग्राउंड की सीढ़ियों पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पहले लोग उसे धूप में सोता हुआ समझते रहे, लेकिन जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो खिलाड़ियों ने पास जाकर देखा और डायल-112 को सूचना दी थी। पुलिस शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। परिजनों के अनुसार राहुल पूर्व में शिवपुरी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रहा था। उसके पिता राजकुमार प्रजापति ने बताया कि हर महीने करीब 10 हजार रुपए उसके उपचार के लिए दिए जाते थे। इलाज के बाद वह ठीक होकर घर आ गया था और नशा भी छोड़ चुका था। कुछ समय बाद नशा मुक्ति केंद्र वालों ने ही उसके टैलेंट को देखते हुए उसे काम पर रख लिया। पहले वह शिवपुरी में काम कर रहा था, लेकिन पिछले दो महीनों से उसे शिवपुरी से गुना के नशा मुक्ति केंद्र पर काम के लिए भेजा गया था। परिजनों ने आरोप लगाए कि जब वे राहुल से मिलने या उसे घर बुलाने जाते थे तो नशा मुक्ति केंद्र के लोग मिलने नहीं देते थे और गेट से भगा देते थे। उनका कहना है कि राहुल अविवाहित था और उसकी सगाई की बातचीत चल रही थी। मौत के बाद जब शव गुना पहुंचा, तब उन्हें इसकी जानकारी मिली। परिजनों ने शरीर पर मारपीट के निशान, मुंह से झाग निकलने और अंडाशय सूजे होने जैसी बातें भी बताईं, जिससे उन्होंने संदिग्ध हालात में मौत की आशंका जताई है। वहीं नशा मुक्ति केंद्र की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने की बात भी परिजनों ने कही। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मर्ग जांच के तहत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।सीताराम नाटानी