गुना (ईएमएस) पड़ोसी जिले शिवपुरी में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई नृशंस हत्या के विरोध में आज गुना के वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला अभिभाषक संघ गुना के आह्वान पर सोमवार को जिले भर के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर अखिलेश जैन को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता सुरक्षा कानून (प्रोटेक्शन एक्ट) की उठी मांग अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रायण सिंह सोलंकी और सचिव श्याम सुन्दर लिटौरिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में वकीलों ने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में अधिवक्ता अब सुरक्षित नहीं हैं। संघ ने मांग की है कि हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और वर्षों से लंबित एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट (अधिवक्ता सुरक्षा कानून) को तत्काल लागू किया जाए। वकीलों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में कैबिनेट से इस कानून का ड्राफ्ट पास होने के बावजूद इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, जिसका खामियाजा अधिवक्ताओं को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। 7 दिन का अल्टीमेटम: भोपाल में करेंगे घेराव ज्ञापन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हत्यारों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई और प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 7 दिन बाद गुना सहित संपूर्ण प्रदेश के अधिवक्ता संघ भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। इसके अलावा वकीलों ने अधिवक्ताओं के परिजनों के लिए कल्याणकारी योजनाओं हेतु विशेष बजट आवंटित करने की भी मांग की है। प्रमुख रूप से रहे उपस्थित विरोध प्रदर्शन के दौरान उपाध्यक्ष मुनेश रघुवंशी, सह-सचिव अंजुला सोनी, विवेक रघुवंशी, पुस्तकालय अधिकारी कु. फखरूननिशा, और वरिष्ठ सदस्य हर्षवर्धनसिंह सिसोदिया, अमरीश सिंह रघुवंशी, जितेन्द्र धाकड़, निकलंक जैन, प्रदीप तायल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। न्यायिक कार्य बंद रहने से दिन भर कोर्ट परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और पक्षकारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।सीताराम नाटानी