क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- हॉस्पिटल की छवि खराब करने की धमकी देकर की 10 लाख की डिमांड - अस्पताल कर्मचारियों ने किया आरोपियों का स्टिंग और कॉल रिकॉर्डिंग - तीनो आरोपियो के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी ,एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज भोपाल(ईएमएस)। निशातपुरा थाना पुलिस ने अस्पताल की छवि खराब करने की धमकी देकर अस्पताल संचालक को ब्लेकमेल कर 10 लाख की डिमांड करने वाले आरटीआई एक्टिविस्ट सहित उसके दो यूट्यूबर साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियो से परेशान होकर अस्पताल कर्मचारियों ने आरोपियों का स्टिंग कर कॉल रिकॉर्डिंग कर सबूत जुटाये और फिर इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। जॉच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी और एससीएसटी एक्ट की धाराओ के तहत मामला दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार डॉ राजकुमार सूर्यवंशी पिता सम्मान सिंह (30) ने लिखी शिकायत करते हुए बताया कि वह मूल रुप से विदिशा जिले के कुरवाई के रहने वाले हैं, और उन्होंने बीएचएमएस का पाठ्यक्रम किया है। बीते काफी समय से करोंद स्थित शुभम सिटी न्यू चौकसे नगर में रहते हुए भानपुर के पास सृष्टि अस्पताल का संचालन भी करते हैं। अपनी शिकायत में उन्होनें आगे बताया की कमल नगर निवासी नीरज यादव ने नवंबर 2025 में अपने दो साथियों अक्षय शर्मा और धनराज राजपूत के साथ उनसे संपर्क किया। मुलाकात होने पर उसने कहा कि उसने आरटीआई के तहत जानकारी निकाली है। इसे सार्वजनिक कर अस्पताल और उनकी छवि खराब कर सकता है। इसके साथ ही उसने इसके ऐवज में 10 लाख रुपए की डिमांड की। बाद में आरोपियों ने सागर गैरे, रेस्टोरेंट जेल रोड पर भी उनसे मिलकर उन्हें डराया-धमकाया। नवंबर 2025 से आरोपी नीरज यादव अपने दोनो साथियो अक्षय शर्मा और धनराज राजपूत के साथ मिलकर अस्पताल आकर लगातार दबाव बना रहे थे। बाद में 6 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। आखिरकार उनकी हरकतो से तंग आकर डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारियों ने आरोपियों का स्टिंग कर उनकी बातचीत की रिकॉर्डिंग की। इसमें वे अस्पताल का नाम बदनाम करने और आरटीआई की जानकारी वायरल कराने की धमकी दे रहे थे। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने नीरज, अक्षय और धनराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की भी छानबनी कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी तो किसी अस्पताल संचालकों को ब्लैकमेल कर इसी तरह वसूली तो नहीं की है। हालांकि फिलहाल कोई और अस्पताल संचालक डॉक्टर सामने नहीं आया हैं। वहीं इस रैकेट में अन्य यूट्यूबर्स के शामिल होने की जानकारी भी मिली है, जिनका खुलासा आगे की जॉच में हो सकता है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। जुनेद / 16 फरवरी