गुना (ईएमएस) |सिटी कोतवाली के सामने सोमवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए बहू और सास सडक़ पर लेट गईं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में कोतवाली पुलिस की महिला टीम ने दोनों को समझाइश देकर उठाया और कोतवाली के भीतर ले जाकर उनकी बात सुनी। मामला भुल्लनपुरा निवासी इमरत बाई जाटव और उनकी बहू से जुड़ा है। इमरत बाई ने बताया कि उनका बड़ा बेटा आए दिन बहू के साथ मारपीट करता है। सोमवार सुबह भी उसने झगड़ा कर बहू को घर से भगा दिया। इसके बाद बहू ने रोते हुए उन्हें फोन किया, तब दोनों शिकायत लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि काफी देर तक कोतवाली में बैठने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे वे हताश और आक्रोशित हो गईं। पीड़िता के अनुसार आरोपी बेटा न सिर्फ पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता है, बल्कि एक अन्य युवक के बहकावे में आकर अपने ही प्लॉट पर कब्जा कराने की कोशिश कर रहा है। वह शराब सहित अन्य नशे भी करता है, जिससे घर में आए दिन विवाद होता रहता है। परिजनों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ते गए और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती चली गईं। इमरत बाई ने यह भी बताया कि जब उनका छोटा बेटा कोतवाली पहुंचा तो आरोपी बेटे ने उसे भी धमकी दी। सुबह से न्याय की आस में कोतवाली में बैठे रहने के बाद जब कोई कार्रवाई होती नजर नहीं आई, तो मजबूरी में उन्हें दोपहर में सडक़ पर उतरना पड़ा। पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत लेकर जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।सीताराम नाटानी