- ब्लैक स्पॉट सुधार एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश नरसिंहपुर, (ईएमएस) । कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा की मौजूदगी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, निर्माण एजेंसियों के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में गाडरवारा से झांसीघाट मार्ग पर विभिन्न स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। एमपीआरडीसी के अधिकारी को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड लगाने एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें। साथ ही जिले के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नरसिंहपुर में संचालित बी- 2 मॉल के लेआउट की स्वीकृति की पुनः जांच के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी नरसिंहपुर को निर्देशित किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देश दिए कि जिले में यातायात सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। राहुल वासनिक// ईएमएस / 16 फरवरी 2026