जबलपुर (ईएमएस)। मप्र कांग्रेस कमेटी परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे ने मप्र की मोहन यादव सरकार से मांग की है कि जिस तरह पंजाब सरकार ने प्रदेश में टोल टैक्स समाप्त कर आम जनता एवं ट्रांसपोर्टर्स को राहत प्रदान की है उसी तरह मध्य प्रदेश सरकार भी ट्रांसपोर्टर्स एवं आम जनता को टोल टैक्स समाप्त कर राहत प्रदान करें। परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे ने कहा कि डीजल पर सड़के बनाने हेतु पहले ही केंद्र सरकार 8 रुपये प्रति लीटर उपकर ट्रांसपोर्टर्स से वसूल रही है एवं मप्र प्रदेश सरकार 19 फीसद वैट एवं डेढ़ रुपये प्रति लीटर एवं 1 फीसद सेस भी वसूल रही है, इन सबके बावजूद रोड टैक्स भी मप्र सरकार ट्रांसपोर्टर्स से वसूल रही है। इतने सबके बाद सड़क बनाकर उस पर टोल टैक्स वसूलना ट्रांसपोर्टर्स को एवं आम जनता को अवैध वसूली जैसा प्रतीत होता है। पांधे ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार को पंजाब सरकार द्वारा उठाए एक अच्छे कदम का अनुसरण करना चाहिए एवं मप्र में टोल टैक्स को समाप्त करना चाहिए नहीं तो सड़क निर्माण संबंधित सभी प्रकार के टैक्स उपकर समाप्त करने चाहिए। सुनील साहू / शहबाज/ 16 फरवरी 2026/ 06.00