राज्य
16-Feb-2026
...


:: कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर गठित दलों ने लिए सोहन पपड़ी, मिर्च और बेकरी उत्पादों के नमूने; जाँच जारी :: इंदौर (ईएमएस)। शुद्ध के लिए युद्ध के संकल्प के साथ इंदौर जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के विरुद्ध अपनी मुहिम तेज़ कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के विशेष दलों ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता में कमी और शिकायतों के आधार पर तीन बड़े प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। प्रशासन की इस सतत कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। जाँच दल ने सर्वप्रथम एफएसएसएआई से प्राप्त शिकायत के आधार पर स्कीम नंबर 71 स्थित शुभम सोहन पपड़ी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता के अनुसार उत्पाद का स्वाद और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी। अधिकारियों ने मौके से सोहन पपड़ी के दो नमूने विधिवत सील किए। :: मसालों और बेकरी उत्पादों की सघन जाँच :: कार्रवाई के अगले चरण में टीम ने स्कीम नंबर 71 में ही कुणाल इंडस्ट्रीज पर दबिश दी। यहाँ काला नमक और मिर्च का निर्माण किया जा रहा था। दल ने मौके से लाल मिर्च, रेड चिल्ली फ्लेक्स, खड़ा काला नमक और काला नमक पाउडर के नमूने जाँच हेतु एकत्रित किए। इसके उपरांत, धार रोड स्थित ममता नगर की सहयोग बेकरी का औचक निरीक्षण किया गया। यहाँ टोस्ट निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की शुद्धता संदिग्ध पाए जाने पर टोस्ट, शक्कर और तिल्ली के कुल चार नमूने लिए गए। :: प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, होगी वैधानिक कार्रवाई :: खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, संकलित किए गए सभी नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत परीक्षण हेतु भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विश्लेषण रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर द्वारा गठित तीन अलग-अलग दल जिले में मिठाई, मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अपना अभियान आगे भी जारी रखेंगे। प्रकाश/16 फरवरी 2026